Sunday, July 11, 2010

आखिर क्या खाएं , क्या पियें ?
कब बनेगा सख्त कानून ?
आजकल बाजार में चले जाइए , हर चीज मंहगी तो है ही , नकली भी मिल रही है . कोई ऐसी चीज नहीं जिस पर भरोसा किया जा सके .
दूध खरीदते हैं तो उसमे यूरिया खाद, वाशिंग पावडर की मिलावट होती है , दूधिया पहले से ही नंबर बढाने के चक्कर में उसमे कीचड मिलाकर लाते हैं.
मसालों में विभिन्न प्रकार की गंदगियां जैसे घोड़े की लीद ,पिसी हुई ईंट आदि की मिलावट होती है , घी में मृत जानवरों की चर्बी मिलाई जाती है .
दाल में कंकड -पत्थर के टुकड़े मिलाए जाते हैं. सब्जियों में भी तरह-तरह की मिलावट की जाती है . चार दिन पहले मैं भायंदर पश्चिम की सब्जी मार्केट में
, मेरी इच्छा वटाना (हरी मटर ) खरीदने की थी , मैं एक ऐसे दुकानदार के पास गया , जिसके पास हरी मटर रखी थी , मगर उसके छिलके सादे जैसे लग रहे थे
उसको भी वह ३५ रुपये पाँव दे रहा था . वहीं पर उसने मटर के दाने रखे हुए थे , मैंने उसके बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि असली हरी मटर के दाने
हैं, मैंने एक पाँव खरीद लिए , उनमे से एक दाना तोड़कर भी खाया . घर आने पर , मैंने मटर के उन दानों को पानी में रखने को बोल दिया. सुबह जब मेरी
उस मटर पर नजर पडी तो हैरान रहा गया. मटर से छिलके उअतर रहे थे और पानी पूरा हरा- हरा हो गया था.मैं समझ गया कि दाल में क्कुछ काला जरूर है
, जब ध्यान से देखा तो पता चला कि वह हरी मटर नहीं थी. उसमे कुछ दाने हरी मटर के तो बाकी सूखी मटर को फुलाकर रख दिया गया था, इसके बाद
उसे रंगकर १०० रुपये किलो के भाव से बेचा जा रहा था. यह जिक्र इसलिए किया जब स्टार न्यूज पर देखा कि अलीगढ़ में सब्जियों को रंगकर बेचा जा रहा था
, जब सम्बंधित विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा तब इस गोरख्धंधे का भंडाफोड हुआ. हाल ही पता चला कि लौकी को जल्दी बढाने के लिए टोक्सिन का इन्जेक्शन
लगाया जाता है . दिल्ली के एक वैज्ञानिक की पिछले दिनों लौकी का जूस पीने से मौत हो गयी थी. उसमे भी यह बात बहुत उछली थी कि उनकी मौत लौकी में टोक्सिन
की मात्रा ज्यादा होने से हुई होगी. वैसे लौकी न तो जहरीली होती है और न ही कड़वी . मगर उस दिन उन्होंने लौकी का स्वाद कड़वा पाया था . हो सकता है कि
लौकी में मिलावट के कारण ही उनकी जान गयी हो . जयपुर और उत्तर प्रदेश में भी मिलावटी सॉस बनाने के कारखाने पकडे गए. बनारस के पान दरीबा इलाके से एक
ऐसी फैक्ट्री पकड़ी गयी जों प्लास्टर ऑफ पेरिस से कत्था बना रही थी. जयपुर में सडे हुए कद्दू और जहरीले रंगों से टमाटर सॉस बनाया जा रहा था. यानि कि अब कोई ऐसी
चीज नहीं बची है जिसे खाया जा सके. यहाँ तक कि हवा तक जहरीली हो चुकी है . हर चीज में जहरीली मिलावट है , और हर शहर , हर गाँव हर गली मोहल्ले में
इस तरह की जानलेवा मिलावट की जा रही है. हर इंसान इसका शिकार हो रहा है. फल , सब्जी, दूध , दही, मक्खन , श्रीखंड, घी , यहाँ तक कि सौंदर्य प्रसाधन में भी
जहरीली मिलावट की जा रही है . ज्यादा मुनाफ़ा कमाने के लिए देश की निर्दोष जनता के साथ विश्वाश्घात किया जा रहा है . आज जब हम कुछ खाते -पीते हैं, या फिर
कुछ खरीदते हैं तो अपनी मेहनत की कमाई के साथ -साथ अपना अपना स्वास्थ्य भी लुटा बैठते हैं. हमें पता ही नहीं होता कि जानलेवा मंहगाई के बावजूद भी हम
किसी तरह कोई चीज खरीद रहे हैं , तो उसमे भी मिलावट मिलती है. देखा जाए तो मिलावट करने वाले लोग आतंकवादियों या नक्सलवादियों से भी ज्यादा खरतनाक
हैं , क्योंकि उनसे तो हम लोहा ले सकते हैं, क्योंकि हमें पता होता है कि हमारा दुश्मन कौन है. उसके लिए हमारे पास कई तरह की सेनाएं हैं. लड़ाके हैं. आधुनिक हथियार हैं.
पुलिस है . सब कुछ है . मगर मिलावट करके करोड़ों लोगों की जान से खिलवाड करने वालों से लड़ने के लिए हमारे पास क्या है ? कुछ भी नहीं. यहाँ तक कि एक सख्त
कानून भी नहीं . भाजपा और कांग्रेस की केन्द्र में ज्यादा सरकारें रही हैं , आज भी कांग्रेस की सरकार है मगर क़त्ल से भी खतरनाक इन मिलावटखोरों के खिलाफ कोई ऐसा
कडा कानून नहीं बनाया जा रहा, जिससे इस पर रोक लग सके. आज समय की जरूरत है कि खाद्य विभाग को सक्रिय करना चाहिए , इसमें व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करना
चाहिए और कोई ऐसा क़ानून बनाना चाहिए जिसमे मिलावाटखोरों को फांसी से कम का प्रावधान नहीं हो . जुर्माना भी ज्यादा हो और एक बार मिलावट करते अगर कोई
पकड़ा गया तो उसकी कंपनी बंद करने , एकाउंट सील करने , जमीन और सभी सामान जब्त करने का प्रावधान हो . तभी देश को बीमार करने वाले कसाइयों (मिलावटखोरों )
की नाक में नकेल पड सकती है .

Friday, July 9, 2010

धत्त तेरे की , शरद पवार को रोना भी आया तो किस पर

धत्त तेरे की , शरद पवार को रोना भी आया तो किस पर ?
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष , अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष , केन्द्रीय कृषि , खाद्य एवं नागरिकआपूर्ति ,पशुपालन, दुग्ध विकास और ग्राहक संरक्षण मंत्री शरद पवार उम्र और अनुभव के आधार पर बहुतसीनियर हैं, राष्ट्रीय राजनीति में वे कई सालों से शिखर पर हैं . इसमें कोई दो राय नहीं है कि महाराष्ट्र के वे एकमात्रताकतवर राष्ट्रीय नेता हैं. उनके प्रति मेरे मन में पूरा आदर -सम्मान है , लेकिन आजकल उनके बयानों और कार्योंकी अगर समीक्षा की जाए तो सर्वथा निंदनीय है . आज देश में आम लोगों का जीना मुहाल हो गया गया है. शरदपवार के गृह राज्य महाराष्ट्र में हजारों किसान आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर चुके हैं . देश में मेंभारी मंहगाई के चलते त्राहि मम मंची हुई है. कितने ही लोग गरीबी , बेरोजगारी , मंहगाई , कर्जबाजारी के कारणअपने बच्चों की ह्त्या करके खुद आत्महत्या कर रहे हैं . लोगों को दो जून की रोटी जुटा पाना मुश्किल हो गया है . डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस आदि के दाम कई बार बढाने के बाद अब लोग और परेशान हो चुके हैं.जीने के लिएजितनी भी वस्तुएं अति आवश्यक हैं, वे सभी आम इंसान की पहुच से बाहर हो चुकी हैं. ऐसे में शरद पवार ने यहबयान देकर और भी आग में घी डालने का काम किया है कि पेट्रोल, डीजल , रसोई गैस के बाद शक्कर के भाव भीसरकारी नियंत्रण से मुक्त कर दिए जाने चाहिए . कृषि मंत्रालय चीनी की कीमतों को बाजार पर छोड़ देने के पक्ष में है। कृषि मंत्री शरद पवार ने इसकी वकालत करते हुए कहा है कि चीनी कीमतों से सरकारी नियंत्रण हटा लेना चाहिए। पवार ने कहा कि मंत्रालय इस बारे में कैबिनेट को प्रस्ताव भेजेगा। यदि पवार की सलाह पर अमल हुआ तो अगस्त तक इस बारे में फैसला आ सकता है।

पवार का कहना है कि जुलाई से अब तक चीनी के दामों में कमी के कारण चीनी कंपनियों को भारी घाटा उठाना पड़ रहा है। जिस तरह तेल की कीमतों को बाजार पर छोड़ दिया गया है। उसी तरह चीनी के दामों से भी सरकारी नियंत्रण हटा लेना चाहिए। उनका तर्क है कि मिल मालिक खुद तय करें कि कितनी चीनी बाजार में आनी चाहिए। यदि पवार की सलाह पर अमल किया जाता है तो तो चीनी के दामों में उछाल आ सकता है।
निश्चित ही इससे एक बार फिर दलालों और जमाखोरों के हौंसले बुलंद होंगे. भाव बढ़ेंगे . और अगर कहीं इसप्रस्ताव को अमल में लाया गया तो शक्कर के भाव भी आसमान पर पहुँच जायेंगे और दलालों को अपनी मनमानीकरने की पूरी छूट मिल जायेगी . मगर इस सबसे को अगर कोई चिंता कोई दुःख , कोई दर्द है तो बस इतना कि वे अपनी पार्टी के संगठन को बढाने के लिए समय नहीं दे पा रहे हैं. उनकी इच्छा पार्टी संगठन के काम के लिए ज्यादा समय देने की है. उनका कहना है कि ' मुझे गिल्टी फील हो रही है कि लंबे समय से राज्य के कई जिलों में नहीं जा पाने की वजह से नई जनरेशन से मैं जुड नहीं पा रहा हूँ ' . क्या ऐसे लापरवाह और निष्क्रिय मंत्री को एक पल , सिर्फ एक पल के लिए भी अपने पद पर बने रहने का अधिकार है ? जों व्यक्ति सारे देश का मंत्री होने के बावजूद सिर्फ एक पार्टी के संगठन को प्राथमिकता देता हो, केन्द्रीय मंत्री होने पर भी सिर्फ एक राज्य की परवाह करता हो , वो भी उस राज्य के हितों की परवाह नहीं , सिर्फ पार्टी हित में मिलने की परवाह , ऐसे मंत्री को झेलना देश के दुर्भाग्य के सिवाय और क्या हो सकता है ? मन मोहन सिंह जी, इतनी मजबूरी भी ठीक नहीं है. माना कि सरकार चलाने के लिए गठबंधन सहयोगियों की उल्टी -सीधी बातें मानना जरूरी होता है . मगर जब सरकार देशवासियों के खिलाफ काम कर रही हो तो ऐसी सरकार को विदा करना जरूरी है है. और राजी रिश्ता नहीं ... लात मारकर ....
-मुकेश मासूम

Thursday, July 8, 2010

क्या दलित इंसान नहीं हैं

क्या दलित इंसान नहीं हैं ?

यूनिसेफ के सहयोग से दलित आर्थिक आदोलन और नेशनल कैंपेन आन दलित ह्यूमन राइट्स ने मिलकर एक अध्ययन किया है। यह अध्ययन स्कूलों में दलित बच्चों की स्थिति का जायजा लेने के मकसद से किया गया। इसके नतीजे बेहद चौंकाने वाले हैं।

इस रपट से एक बात तो बिल्कुल साफ हो जाती है कि अभी भी भारत का समाज दलितों के प्रति घृणा का भाव ही रखता है। इस रपट में जिन-जिन राच्यों का अध्ययन किया गया, उन सब राच्यों के स्कूली बच्चों के साथ स्कूल में भेदभाव बस इसलिए किया गया, क्योंकि वे दलित थे। इस रपट में यह निष्कर्ष निकाला गया है कि भेदभाव की वजह से बड़ी संख्या में दलित बच्चे अपने आगे की पढ़ाई बरकरार नहीं रख पाते।इस रपट को चार राच्यों के 94 स्कूलों की हालत का अध्ययन करके तैयार किया गया है। दलित बच्चों के साथ हुए भेदभाव के उदाहरणों से यह रपट भरी पड़ी है। उन उदाहरणों के जरिए एक खास तरह की मानसिकता में जकड़े समाज को समझा जा सकता है। इस रपट को तैयार करने वाले राजस्थान के एक स्कूल में गए। वहा जाकर उन्होंने पूछा कि किस बच्चे को यहा के शिक्षक अक्सर पीटते हैं और क्यों पीटते हैं? इस सवाल का जवाब तुरंत वहा मौजूद बच्चों ने दिया। यह जवाब ऐसा है, जो खुद को सभ्य कहने वाले समाज का असली चेहरा दिखाता है। बच्चों ने इस सवाल के जवाब में तुरंत एक ऐसे बच्चे की ओर इशारा किया, जो दलित था। उन बच्चों ने यह भी कहा कि दलित होने के नाते वह निशाने पर रहता है।

यह मामला केवल राजस्थान का नहीं है। दूसरे राच्यों में भी इसी तरह की स्थिति है। बिहार का उदाहरण लिया जा सकता है।

बिहार की ही एक दलित छात्रा ने बताया कि शिक्षक हम लोगों यानी दलित बच्चों पर पूरा ध्यान नहीं देते। हमें जमीन पर बैठाया जाता है।

हालात की बदहाली का आलम यह है कि मिड-डे मील में मिलने वाले भोजन में भी दलित छात्रों के साथ भेदभाव बरता जा रहा है। उन्हें जो खाना मिल रहा है, उसकी गुणवत्ता सही नहीं होती है। इसके अलावा दलित बच्चों को भरपेट भोजन भी मिड-डे मील योजना के तहत नहीं मिल रहा है। इस तरह की शिकायत कई बच्चों ने की।

बिहार के दलित बच्चों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें कक्षा में सबसे पीछे बैठने को कहा जाता है। इसके अलावा शिक्षक उनका होमवर्क भी नहीं जाचते हैं। इस रपट में यह भी बताया गया है कि ज्यादातर स्कूल वैसी जगहों पर हैं, जो उच्च जाति के लोगों के दबदबे वाला क्षेत्र है। बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में खास तौर पर ऐसी स्थिति है।दलितों की बारात में व्यवधान पैदा करना , दुल्हे को घोड़े पर नहीं बैठने देना ,दलितों को सार्वजनिक रूप से चारपाई पर नहीं बैठने देना आदि पुराने मसले हैं. ताजा मामला उतार प्रदेश का है. यहाँ के रमाबाई नगर स्थित संदलपुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय जसापुर के सवर्ण बच्चों ने गांव की दलित महिला के हाथ का बना मिड-डे-मील लेने से इंकार कर दिया। लगातार दूसरे दिन खाने से साफ़ इनकार कर दिया गया. इस मामले की जांच अपर जिलाधिकारी (एडीएम) से कराने को कहा है। शिक्षा विभाग की ओर से बीएसए जांच करेंगे। प्राथमिक विद्यालय जसापुर में 135 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें 31 बच्चे दलित, 19 पिछड़े व 85 सामान्य वर्ग के हैं। बताया गया है कि पिछले सत्र में यहां मिड-डे-मील बनाने के लिये दो सवर्ण महिलाओं मीरा व सुमन की तैनाती थी। हाल ही में यहां पर दलित वर्ग की महारानी व शांती को भी खाना बनाने के लिये ग्राम पंचायत द्वारा अधिकृत किया गया। उक्त दलित महिलाओं द्वारा खाना बनाने से यहां के 85 सवर्ण बच्चों ने मंगलवार से मिड-डे-मील लेने से इंकार कर दिया। यह घटना दर्शाती है कि आज भी किस तरह दलित विरोधी मानसिकता फल फूल रही है. इस नफरत का आखिर आधार क्या है ? अगर मामला दो महिलाओं को रोजगार मिलने का होता तो इस स्कूल में पहले से ही दो सवर्ण महिलाएं भोजन बनाने के काम में नियुक्त हैं. लेकिन यह ,मामला छुआछात का है . यह कैसी विडंबना है कि लोग कुत्ते-बिल्लियों को पाल सकते हैं, उनसे प्यार कर सकते हैं , मगर जों लोग सेवा करते हैं, वफादारी करते हैं. श्रम करते हैं उनके स्पर्श से भी कतराते हैं. क्या दलित इंसान नहीं हैं ? इस तरह की घटनाएं सभ्य और स्वस्थ समाज के लिए कलंक हैं. सभी लोगों को मिलकर भारत से इस कलंक को मिटाना होगा . उत्तर प्रदेश की मुख्मंत्री मायावती भी दलित समाज से ताल्लुक रखती हैं , वे इस असमानता के दर्द से भलीभांति परिचित हैं, उनकी स्पष्ट बहुमत की सरकार है. अगर वे अब भी इस जख्म का इलाज नहीं तलाश पाईं तो फिर कभी नहीं तलाश पाएंगी .

Wednesday, July 7, 2010

मोहब्बत का फरेब और नैतिक पतन
एक जमाना था जब लोग सच्ची मोहब्बत के लिए अपनी जान तक की बाजी लगा दिया करते थे , उनके लिए अपना सब कुछ त्याग दिया करते थे .
उनके लिए इश्क ही मंदिर , इश्क ही मस्जिद और इश्क ही खुदा हुआ करता था . उन्हें अपनी महबूबा की शक्ल में भगवान नजर आता था . लैला मजनू
फिल्म में बताया गया है कि जब एक व्यक्ति नमाज पढ़ रहा होता है तो उधर से मजनू गुजरता है , वह नमाजी से टच हो जाता है . इस पर जब वह ऐतराज
जताता है तो मजनूँ कहता है - कि तुम्हारी यह किसी इबादत है , जिससे तुम्हें मेरे होने का एहसास हो गया . मुझे तो अपनी लैला की मोहब्बत में कुछ भी याद नहीं
है , उस जमाने में लोग स्वार्थ की नहीं सच्ची मोहब्बत करते थे और अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक गुजरने के लिए तैयार रहते थे . लैला-मजनू, हीर -रांझा
,रोमियो-जूलियट आदि ऐसे कई नाम गिनाए जा सकते हैं . मगर अब ज़माना बिलकुल बदल गया है . अब अगर आप बार में जाते हैं तो वहां की हसीन बालाएं
आपके नोटों के बण्डल के साइज के हिसाब से मुस्कराती हैं, उसी हिसाब से आप पर 'प्यार' लुटाती हैं. कालेज की लड़कियां अपनी पॉकेट मनी के लिए प्यार का
नाटक करती हैं , कुछ लड़कियां नौकरी पाने के लिए और कुछ फिल्मों, टीवी सीरियल आदि में चांस पाने के लिए प्यार का प्रदर्शन करती हैं. कई ऐसे उदाहरण भी
हैं जिनमे किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई खूबसूरत और कमसिन लड़की ने उस कार्यक्रम के प्रोडूयूसर ,मगर बुड्ढे और दाग दगीली पर्सनैलिटी वाले दूजिया
(दुसरा विवाह करने वाले ) से भी शादी कर ली है . मकसद वही कि कैरियर बनने में मदद मिलेगी और खर्चे की स्यौरिटी रहेगी . भले ही वह जवानी में ही
विधवा हो जाए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. ऐसे ही हजारों किस्सों में से एक किस्सा प्रिया का भी है . प्रिया ने तो बेवफाई, बेहयाई , और बेगैरत की सारी हदें पार
कर दीं . विदेश जाकर दौलत कमाने की चाह में उसने पहले तो एक ६० वर्षीय ऐसे व्यक्ति से शादी करली जों कनाडा में रह चुका था , उसने सोचा कि कनाडा
जाने के लिए राजिंदर सिंह मान का सहारा लिया जाए. इसके लिए उसने राजिंदर सिंह मान से संपर्क किया , इससे पहले उसने पता लगा लिया था कि राजिंदर सिंह मान
अपनी पत्नी को तलाक दे चुके हैं. इसी कारण उसने नौकरी के लिए आवेदन किया, मगर पुलिस का वेरिफिकेशन न होने के कारण वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकी
मगर फिर थोड़े दिनों के बाद उसने संपर्क किया और वह उस घर में नौकरी पाने में कामयाब हो गयी. प्रिया ने अपनी अदाओं का ऐसा जादू चलाया कि राजिंदर सिंह मान
फिसल गए, मोहब्बत के फरेब में आ गए . ढलती उम्र में भी उन्होंने प्रिया इन्दर कौर से शादी कर ली. और फिर प्रिया उनसे कनाडा जाने की जिद करने लगी , मगर जब
राजिंदर सिंह मान ने स्पष्ट कर दिया कि वे कनाडा कनाडा किसी भी कीमत पर नहीं जायेंगे तो प्रिया ने उन्हें छोड़ इया . अगर मामला यहीं तक होता तो गनीमत होती मगर
आगे उसने ऐसा कारनामा दिखाया जिसे सुनकर बड़े से बड़ा ठग भी दहल जाए. कुछ साल के बाद वह फिर वापस लौटी , लेकिन वहां पर उसे राजिंदर की बजाय उनका बेटा
राजन मिला जों कि कनाडाई नागरिक है. यह जानकर उसकी बांछें खिल गईं, उसने राजन पर प्यार का जादू चलाया और जल्द ही वह उसका दिल जीतने में कामयाब हो गयी.
वह यहीं पर नहीं रुकी बल्कि नैतिकताओं की सभी हदों को पार करते हुए उसने अपने पहले पति राजिंदर के बेटे राजन से विवाह कर लिया . जब यह खबर राजिंदर को पता चली
तो दोनों पिता -पुत्र ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई . अभी तक प्रिया फरार है . हाँ, इतना जरूर पता चल पाया है कि वह उत्तर प्रदेश में किसी क़त्ल के सिलसिले में भी
फरार है. वह कब गिरफ्तार होगी और अदालत उसे क्या सजा देगी यह तो अलग बात है मगर उसने जिस तरह मोहब्बत की मर्यादा को लांघा है, उसका गला घोंटा है ,
उसे प्यार करने वाले कभी माफ नहीं करेंगे. इंसान को अपने स्वार्थ में इतना भी अंधा नहीं होना चाहिए कि उसे प्यार और रिश्तों की पवित्रता ही दिखाई नहीं दे.

Sunday, July 4, 2010

भारत बंद की गूँज से केन्द्र की बहरी सरकार के कान खुलेंगे ?
लगभग सभी विपक्षी पार्टियों ने भारत बंद का एलान किया है । ये अलग बात है कि बंद को कानूनी संरक्षण नहीं मिला है , अर्थात अदालत ने बंद पर बंद लगा रखा है । इसके बावजूद पहली बार विपक्षी पार्टियों ने एकता दिखाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर इतने बड़े आन्दोलन किया है । कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के कारण सिर्फ अमीरों की चांदी हो रही है। माध्यम वर्ग के लोग गरीब हो रहे हैं और गरीब अब गरीबी की रेखा के नीचे आ गए हैं। और जों गरीबी की रेखा के नीचे बसर कर रहे हैं वे न ज़िंदा हैं , न मुर्दा हैं। बस किसी तरह जीने की कोशिश कर रहे हैं। वे भूखे हैं, उनके पास रहने के लिए न अच्छे घर हैं, न पहनने के लिए अच्छे वस्त्र । वे बीमार होने पर अपने लिए न तो ठीक से इलाज करवा पा रहे हैं, और न अपने बच्चों को शिक्षित कर पा रहे हैं। इसी कारण उनके बच्चे बचपन में ही श्रम करने के लिए मजबूर हैं। सिर्फ उनकी ही नहीं , बल्कि उनकी आने वाली कई पीढियां गरीबी, भुखमरी , अशिक्षा , अज्ञान और अन्धकार की शिकार हो रही हैं । 'कांग्रेस का हाथ, आम आदमी के साथ' का नारा देकर , देश से गरीबी खत्म करने का वादा कर सरकार बनाने वाली यू पी ऐ सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है। वह रोजाना नए टेक्स लाद रही है , रोजाना किसी न किसी चीज के भाव बढ़ा रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम तो बार -बार और हर बार बढाए जा रहे हैं इससे अती आवश्यक चीजों के भाव भई आसमान छूने लगे हैं । सुई से लेकर जहाज तक के भाव बढ़ चुके हैं। अगर किसीको फायदा हो रहा है तो वो हैं अमीर लोग तथा दलाल । अमीर इस सरकार में और भी अमीर बनते जा रहे हैं। केन्द्र की सरकार सिर्फ अमीरों के हित में क़ानून बना रही है। उसकी नीतियों में अमीरों का हित ही सर्वोपरि है। कोई कांग्रेस से यह पूछने के लिए तैयार नहीं है कि अब कहाँ गए जादुई राहुल गांधी , गरीबों और दलितों के मसीहा बनने का ढोंग रचने वाले राहुल गांधी और सोनिया गांधी केन्द्र सरकार के इन जन विरोधी फैसलों का विरोध क्यों नहीं करते । वे सिर्फ दलितों और गरीबों की मजबूरी देखने जाते हैं। सिर सपाटे के लिए शौक़ीन राहुल गांधी को दलितों के आंसू देखना बहुत अच्छा लगता है मगर उनके आंसू पौंछकर उन्हें हंसाने का काम कौन करेगा ? इस भारत देश पर केन्द्र और राज्यों में ज्यादातर सरकारें कांग्रेस की रही हैं। आजादी के ६३ साल बाद भी लोग भूखे, नंगे , कमजोर , बेघर , बेबस, बेकार और गरीब क्यों हैं ? इस सवाल का जवाब कांग्रेस से बेहतर कौन दे पायेगा ? मगर राहुल गांधी कांग्रेस से पूछने के बजाय उन गरीबों और दलितों के जख्मों पर नमक छिडकने जाते हैं जिनको गरीबी, भुखमरी और बेरोजगारी की सौगात खुद कांग्रेस ने ही दी है. राष्ट्रपति जी भी खामोश हैं. उनके विषय में क्या कहें , वी आदरणीय हैं, समाननीय हैं. न वे कुछ कह सकतीं और न आम आदमी ही उनके लिए कुछ कह सकता है. क्या यही लोकतंत्र है ? क्या यही है लोगों द्वारा , लोगों के लिए , लोगों का शासन ? कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां देश के साथ बहुत गंदा खेल खेल रही हैं. जब भोपाल गैस त्रासदी में यह सिद्ध हो गया कि लगभग २५ हजार निर्दोषों का हत्यारा एंडरसन तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की सहमति से यहाँ से भागने में कामयाब हो गया था तो कांग्रेस के रणनीतिकारों ने देश का ध्यान बांटने के लिए मंहगाई का धमाका कर दिया . पहले रोजाना भोपाल गैस त्रासदी और उसके दोषियों से कांग्रेस के मधुर संबंधों की ख़बरें रोजाना पहले पेज की शोभा बढ़ाया करती थीं अब वे गायब हो गयीं. क्या इस तरह की हरकतों से कांग्रेसियों का पाप कम हो सकता है ? क्या इससे सच्चाई बदल सकती है ?क्या देश कभी ये भूल पायेगा कि जब भोपाल में सोते- सोते कई हजार एक साथ काल के गाल में समा गए तो उस समय मध्य प्रदेश और केन्द्र में कांग्रेस की ही सरकारें थीं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह और केन्द्र में स्वर्गीय राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। इन्हीं दोनों ने भोपाल गैस त्रासदी के मुख्य आरोपी एंडरसन को उसके देश भगाने में मदद की और सी बी आई के सहयोग से इस केस को कमजोर किया ।जिसके कारण एंडरसन तो फरार हो गया और बाकी आरोपियों को मामूली सी सजा हो पाई। इसका जिक्र इसलिए किया जा रहा है क्योंकि पेट्रोल, डीजल , रसोई गैस के दाम बढाने के पीछे कांग्रेस की मंशा यह भी थी कि जनता का ध्यान भोपाल प्रकरण से हट जाएगा। अब विपक्ष ने एकजुट होकर इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ एक दिन के भारत बंद का जों एलान किया है , इसकी गूँज से केन्द्र की बहरी सरकार के कान खुल पायें ये मुमकिन नहीं दिखता , इसलिए विपक्ष को जब तक संघर्ष करना होगा तब तक कि इस सरकार का पतन नहीं हो जाता

Friday, July 2, 2010

छत्रपति शाहूजी महाराज नगर , कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों ?

छत्रपति शाहूजी महाराज नगर , कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों ?
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने अमेठी और सुल्तानपुर के कुछ क्षेत्रों को मिलाकर छत्रपति शाहूजी महाराज नगर बनाने की घोषणा की है , इससे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पेट में दर्द होना शुरू हो गया है. कांग्रेस वहाँ पर राजीव गांधी नगर बनाने की मांग कर रही है. कांग्रेस का तर्क है कि अमेठी को राजीव गांधी परिवार के नाम से जाना जाता है इसलिए उसका नाम राजीव गांधी के नाम पर होना चाहिए . अन्य विपक्षी पार्टियां भी मायावती की आलोचना करती नहीं थक रही हैं. सपा के शिवपाल यादव ने तो यहाँ तक कह दिया कि 'उत्तर प्रदेश की बीएसपी सरकार बेवजह जिलों के नाम बदलकर एक वर्ग विशेष के महापुरुषों के नाम पर रख रही है। एसपी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि मायावती सरकार का अमेठी का नाम बदलकर छत्रपति शाहूजी महाराज और कानपुर देहात का रमाबाई नगर रखना संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। कानपुर की पहचान इंटरनैशनल लेवल पर है और अमेठी की भी इसी नाम से पहचान है। इन दोनों के नाम बदले जाने का फैसला अनुचित है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार का जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। यह सरकार केवल पत्थर लगाने, वर्ग विशेष के महापुरुषों के नाम पर जिलों के नाम रखने, पार्क बनाने और मूतिर्यां लगवाने का ही काम कर रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर कोई पैसा खर्च नहीं हो रहा है, बल्कि जमकर पैसा बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा में चौतरफा नीली पन्नियों से बुत ढके हुए खड़े है, जो रात में प्रेत से नजर आते हैं। यादव ने कहा कि हो सकता है कि यह सरकार जाते-जाते कई जिलों के नाम मायावती के नाम पर भी रख दे। ' मायावती का विरोध करने वालों से मैं ये कहना चाहता हूँ कि -
१, मायावती ने जिस महापुरुष यानि छत्रपति शाहूजी महाराज के नाम पर इस नए जिले का नाम दिया है वे महाराष्ट्र के मराठा शासक और छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज थे , अर्थात राजपूत थे. इसलिए यह आरोप गलत है कि मायावती दलित महापुरुषों के नाम पर ही नामकरण कर रही हैं. छत्रपति शाहूजी महाराज महान समाज सुधारक थे और उन्होंने अपनी रियासत में कमजोर वर्ग के लोगों को भी सामान अवसर दिए, सभी जाती और धर्म के लोगों को उन्होंने बड़े ओहदों पर काम करने का अवसर दिया. समता और समानता लाने के लिए , उंच -नीच खत्म करने के लिए उन्होंने अथक प्रयास किये . यहाँ तक कि डॉक्टर बाबा साहेब आम्बेडकर की भी उन्होंने आर्थिक सहायता की. उन्हें आरक्षण का जनक भी माना जाता है. ऐसे महा मानव का विरोध करना कांग्रेस के असली चेहरे को उजागर करता है.
२, मायावती ने अमेठी का नाम नहीं बदला है बल्कि राज्य में ७२ वे नए जिले का गठन किया है . सुल्तानपुर का कुछ क्षेत्र और अमेठी को मिलाकर इस नए जिले का गठन किया है. इससे अब नए जिले का और भी बेहतर विकास हो सकता है , राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का नाम ज्यों की त्यों है , उसे नहीं बदला गया , फिर भी ये हाय तौबा क्यों ?
३, कांग्रेस के लोग बहुजन समाज पार्टी की सरकार से ये उम्मीद क्यों करती है कि वह कांग्रेस के नेताओं के नाम पर नए जिले का नामकरण करे ? क्या कांग्रेस ने कभी पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी , जयप्रकाश नारायण , राम मनोहर लोहिया आदि के नाम पर कभी किसी जिले का नाम दिया है ?आखिर क्यों नहीं ? ये तो बहुजन समाज पार्टी के नेता नहीं थे, दलित महापुरुष नहीं थे . देश में लाखों गांधी नगर , इंदिरा नगर , राजीव नगर , स्मारक, प्रतिष्ठान आदि बानाने वाली कांग्रेस अपने गिरेबान में झांककर क्यों नहीं देखती ?
४, कांग्रेस के विरोध से साफ़ झलकता है कि वह सिर्फ एक परिवार की भलाई की बात करती है जबकि बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय , सर्वजन सुखाय की राह पर चलकर सभी जाति , धर्मों और प्रान्तों की भलाई करती है और सबका समान सम्मान करती है. समाजवादी पार्टी के शिवपाल को क्या कहें , अगर उनमे ज़रा भी सभ्यता होती तो एक कांस्टेबल उनके कान के नीचे खर्चा पानी क्यों देता ?